मण्डी: ससुराल गए युवक की जलकर मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

सरकाघाट: मण्डी के उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत बकारटा में ससुराल गए दामाद की जलने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आग में 90 फीसदी से अधिक झुलसे नवीन ने हमीरपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ा। मामला जिले के सैण गांव में सामने आया है। इधर, पिता प्रकाश चंद का आरोप है कि नवीन पर उसकी पत्नी ने तेल छिड़का और सास ने आग लगा दी। उसके बाद साले और ससुर ने उसे आंगन में फेंक दिया।

सरकाघाट के बड़ाल गांव निवासी प्रकाश चंद ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर को उन्हें फोन आया कि उनका बेटा जल गया है। वह तुरंत अपने समधी के घर सैण पहुंचा तो देखा नवीन कुमार जली अवस्था में आंगन में पड़ा है। पुलिस की मदद से बेटे नवीन को इलाज के लिए सिविल अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया। यहां से उसे हमीरपुर रेफर कर दिया गया। हमीरपुर में उपचार के दौरान नवीन ने दम तोड़ दिया। नवीन के शरीर का अधिकतर हिस्सा जल गया था। पिता ने पुलिस को बताया कि अस्पताल ले जाते समय बेटे नवीन ने उन्हें बताया कि पत्नी ने उस पर तेल फेंका और सास ने आग लगाई। उसके बाद ससुर और साले ने आंगन में फेंक दिया।

पिता के अनुसार वर्ष 2015 में उसने सैण की लड़की के साथ लव मैरिज की थी। नवीन फरीदाबाद में शीशे की दुकान पर नौकरी करता था। एक साल पहले बेटा नवीन सड़क हादसे में घायल हुआ था। ठीक होने पर नवीन ने नवाही सरकाघाट में शीशे की दुकान खोली थी। कारोबार सही न चलने पर तीन-चार महीने के बाद दुकान बंद कर दी। नवंबर 2022 में बद्दी नालागढ़ नौकरी करने के लिए चला गया। वहां शीशे की फैक्टरी में काम करने लगा। नवीन के जाने के हफ्ते बाद पत्नी बेटी को लेकर अपने मायके सैण चली गई। तब से वह मायके में ही रह रही है। 11 नवंबर की शाम को ही नवीन ससुराल पहुंचा था।

पिता की शिकायत पर पुलिस ने नवीन के सुसराल पक्ष पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना स्थल से पुलिस व फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनस्थल का दौरा कर अहम सबूत जुटाए हैं। घटना में मृतक की सास भी झुलसी है और उसका उपचार नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मामले में सभी तथ्यों और पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed