शिमला: गुरनाम भुल्लर के नाम रही समर फेस्टिवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या; पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की जोड़ी मचाएगी अंतिम संध्या में धमाल

शिमला ग्रीष्मोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में स्वास्थ्य मंत्री ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत

शिमला: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हिमाचल प्रदेश कर्नल डॉ धनिराम शांडिल ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित किये जा रहे 5 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 की चौथी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस दौरान उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति अनुपम कश्यप ने मुख्यातिथि को शाल, टोपी और स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त ने विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा, विधायक मलेंद्र राजन और डॉ दीपाली को भी सम्मानित किया।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा सहित अन्य गणमान्य अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

कल मिलेगी हेलीकॉप्टर जॉयराइड, लिमिटेड स्लॉट्स उपलब्ध
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के तहत इस वर्ष हेलीकॉप्टर जॉयराइड का भी आयोजन किया जा रहा है। 12 जून को प्रातः 9 बजे डिसी शिमला के फेसबुक पेज पर हेलीकॉप्टर जॉयराइड के लिए पंजीकरण लिंक और अन्य जानकारी साझा की जाएगी, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति पंक्जीकरण कर सकते हैं। लिमिटेड राइड्स ही उपलब्ध होंगी इसलिए जल्दी पंजीकरण करना सुनिश्चित करें। ऑकलैंड टनल ही पिकअप पॉइंट होगा और वहीं ड्राप ऑफ पॉइंट होगा। 8-10 मिनट की राइड में पंजीकृत व्यक्तियों को शिमला सेवन हिल्स का चक्कर लगवाया जाएगा।

अंतिम संध्या में पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की जोड़ी मचाएगी धमाल

अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पंजाबी गायक पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की जोड़ी धमाल मचाएगी। अंतिम सांस्कृतिक संध्या रात्रि 12 बजे तक जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त, 12 जून को एमसी ग्राउंड संजौली में आयोजित की जा रही पहली एंटी चिट्टा अंतर जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भी समापन होगा।

शिमला: गुरनाम भुल्लर के नाम रही समर फेस्टिवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या;

अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 की चौथी सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर के नाम रही। ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित इस संगीतमय संध्या में हजारों दर्शकों ने भाग लिया और गुरनाम भुल्लर के लोकप्रिय गीतों का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के दौरान पूरा रिज मैदान दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से खचाखच भरा रहा।
गुरनाम भुल्लर ने मंच पर आते ही अपने चर्चित और सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों के साथ-साथ पंजाबी लोक संस्कृति से जुड़े गीत भी प्रस्तुत किए, जिन पर युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक सभी झूमते नजर आए। उनकी दमदार आवाज और शानदार मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को बांधे रखा।
कार्यक्रम के दौरान गुरनाम भुल्लर ने शिमला की खूबसूरती और यहां के लोगों के प्रेम व उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश और विशेषकर शिमला आकर प्रस्तुति देना उनके लिए हमेशा विशेष अनुभव रहता है। 
सांस्कृतिक संध्या में उपस्थित युवाओं ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर कलाकार का स्वागत किया और उनके गीतों पर जमकर नृत्य किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा तथा तालियों और जयकारों से रिज मैदान गूंजता रहा।

इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शुरुआत की और हिमाचली लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया। लोकनृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हिमाचल की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया। 
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देना तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति से परिचित करवाना है। चौथी सांस्कृतिक संध्या में उमड़ी भारी भीड़ और दर्शकों के उत्साह ने एक बार फिर ग्रीष्मोत्सव की लोकप्रियता को प्रमाणित किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed