मण्डी: विक्रमादित्य सिंह ने की थुनाग में राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा, बोले..जल्द बहाल होेंगी बंद सड़कें

सीएम की घोषणा के 2 दिन में ही थुनाग में बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिल गई एक-एक लाख की राहत राशि

लोक निर्माण मंत्री ने वितरित की राशि

मण्डी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की थुनाग में बाढ़ प्रभावितों को 1-1 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा के 2 दिन के भीतर ही प्रभावित परिवारों को यह राहत राशि मिल भी गई। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को थुनाग में 9 प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से यह राहत राशि वितरित की। इस मौके सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी साथ रहीं। बता दें, मुख्यमंत्री ने वीरवार को थुनाग के अपने दौरे में बाढ़ प्रभावितों का दुख दर्द बांटते हुए उन्हें सरकार की ओर से 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की थी।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा है कि सरकार का प्रभावितों को राहत देने और पुनर्वास पर विशेष ध्यान है। उन्होंने थुनाग बाजार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के उपरांत राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा को बुलाई एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारी वर्षा और बाढ़ के कारण बंद सड़कों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जल्द ही सभी सड़कें बहाल कर ली जाएंगी। उन्होंने राहत-पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए सभी विभागों से एक टीम की तरह कार्य करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा में बड़ी मात्रा में सब्जी और सेब का उत्पादन होता है। किसानों की फसल समय पर बाजार तक ले जाने में सड़कें ही लाइफ लाइन हैं। उन्होंने अधिकारियों को दिन रात एक कर क्षेत्र में सड़क बहाली के कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को भारी वर्षा में गिरे मकानों के डंगों और ग्रामीण सड़कों को मनरेगा के अंतर्गत ठीक कराने के भी निर्देश दिये।

उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से थुनाग बाजार में बाढ़ में आए स्लीपरों के बारे में सरकार को सही वस्तुस्थिति से अवगत करवाने को भी कहा।

उन्होंने थुनाग बाजार में इंटरलौकिंग टाइल लगाने के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।

सराज क्षेत्र में 32 सड़कें चालू, 91 पेयजल योजनाओं की आंशिक बहाली
बैठक के बाद विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि बारिश और बाढ़ से सराज विधानसभा में लोक निर्माण विभाग को 15 करोड़ का नुकसान हुआ है। क्षेत्र में बंद 32 सड़कों को बहाल कर लिया गया है। शेष सड़कों को भी एक सप्ताह के भीतर खोल लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम तक जंजैहली से छतरी सड़क बहाल कर ली जाएगी।
वहीं, सराज विधानसभा में 111 पेयजल योजनाओं में से 91 को आंशिक तौर पर बहाल कर दिया है।

इस दौरान सांसद प्रतिभा सिंह ने राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरी सरकार मजबूती से लोगों के साथ खड़ी है। सांसद के तौर पर क्षेत्र के प्रतिनिधि के नाते वे अपनी ओर से हर सम्भव मदद के लिए कटिबद्ध हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed