मण्डी: मण्डी के जोगिंद्रनगर शहर के साथ लगते ढेलू नामक स्थान पर एक कार हादसे (दो सगे भाइयों की मौत हो गई है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी अनुसार घायलों में मृतकों का तीसरा सगा भाई और दो चचेरे भाई शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसा आज सुबह करीब 9 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार ये सभी लोग पधर उपमंडल के लखवाण गांव निवासी हैं और आज किसी निजी काम से पालमपुर जा रहे थे। जोगिंद्रनगर के साथ लगते ढेलू के पास इनकी कार अनियंत्रित होकर पैरापीट को तोड़ती हुई 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जैसे ही स्थानीय लोगों ने धमाके की आवाज सुनी तो तुरंत प्रभाव से घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल हॉस्पिटल जोगिंद्रनगर लाया गया। जहां पर डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बहादुर सिंह पुत्र हिम्मत राम और ज्ञान चंद पुत्र हिम्मत राम के रूप में हुई है। यह दोनों सगे भाई थे। वहीं इनका तीसरा सगा भाई नंद लाल पुत्र हिम्मत राम व दो अन्य चचेरे भाई मुंशी राम पुत्र सुंदर सिंह और फतेह सिंह पुत्र शेर सिंह घायल हो गए हैं।
मुंशी राम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है, जबकि दो घायलों का सिविल हॉस्पिटल जोगिंद्रनगर में उपचार जारी है। मृतक बहादुर सिंह सेना में कार्यरत है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना संबंधी मामला दर्ज करके जाँच शुरू कर दी है।