भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद घबरा रही है कांग्रेस पार्टी : जय राम ठाकुर

  • यही कारण है कि अभी तक वे अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई
  • प्रधानमंत्री मोदी के गतिशील नेतृत्व में आज भारत की ताकत धरती पर ही नहीं बल्कि आसमान में भी बढ़ी है

कांगड़ा : युवा भारत के भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा एवं क्षमता का सकारात्मक एवं उचित दोहन राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। केन्द्र सरकार ने युवाओं के कल्याण तथा उन्हें रोजगार व स्वरोजगार के समुचित अवसर उपलब्ध करवाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। यह बात मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले के नूरपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा नूरपुर मंडल के सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवा सशक्तिकरण को विशेष बल दे रहे हैं तथा उनका माना है कि भारत का भविष्य शक्ति के हाथों में सुरक्षित है। प्रदेश सरकार द्वारा भी युवाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के अन्तर्गत युवाओं को स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के लिए 40 लाख रूपये तक के ऋण पर 25 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है जबकि युवतियों को 30 प्रतिशत प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विश्व के मानचित्र पर देश की अलग पहचान बनी है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः देश की कमान संभालने के लिए हिमाचल की चारों सीटों पर भाजपा को जीत दिलानी होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में आज भारत की ताकत धरती पर ही नहीं बल्कि आसमान में भी बढ़ी है। आज ही हमारे देश के वैज्ञानिक ने मिसाइल से एक सैटलाइट को मार गिराया है जिससे भारत अन्तरिक्ष महाशक्ति बन गया है। इससे पहले यह उपलब्धि केवल अमरीका, रूस और चीन ही प्राप्त कर चुके हैं। इस मिशन का नाम शक्ति मिशन था तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस कार्यवाही से हमारे देश पर नजर रखने वालों के लिए एक कड़ा संदेश दिया गया कि हम अपने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कोई भी कदम उठा सकते हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि राज्य के युवा रोजगार के लिए आवेदन करने वाले न बनकर रोजगार प्रदान करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अन्तर्गत 8 चयनित हस्तशिल्प कलाओं में उन्हें प्रशिक्षित किया जाए ताकि वे स्वरोजगार के अवसर सृजित कर सकें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए भाजयुमो के कार्यकर्ता सराहनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे में हमें उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में भी युवा मोर्चा इसी जोश एवं उत्साह के साथ कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार का मार्गदर्शन काफी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही युवा शक्ति को जमीनी स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार ने जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इसके मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ता आमजन तक पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस पार्टी घबरा रही है। यही कारण है कि अभी तक वे अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई। उन्होंने स्थानीय जनता से आग्रह करते हुए कहा कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से अनुभवी नेता किशन कपूर को प्रत्याशी घोषित किया गया है, इन्हें भारी बहुमतों से जीताएं। इससे पूर्व नूरपुर पहुंचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता व जनता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का भव्य स्वागत किया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *