शिमला: सचिवालय के बाहर दृष्टिहीन संघ ने किया प्रदर्शन…
शिमला: सचिवालय के बाहर दृष्टिहीन संघ ने किया प्रदर्शन…
शिमला: दृष्टिबाधित संघ के सदस्यों ने प्रदेश सचिवालय के बाहर बुधवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और अफसरों से नोकझोंक हुई। संघ ने मांगें नहीं मानने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। राज्य दृष्टिहीन संघ बैकलाग कोटे से भर्ती, पेंशन बढ़ोतरी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहा है।
नारेबाजी के बीच जब पुलिस ने उन्हें चक्का जाम करने से रोका तो संघ भड़क गया। सचिवालय के बाहर कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर धमकाने का आरोप लगाया। वहीं, एसडीएम शहरी ओशिन शर्मा की भी प्रदर्शनकारियों से नोकझोंक हुई।
दृष्टिबाधित प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वीरवार को अदालत में इस मामले की सुनवाई होनी है। सरकार ने फिर भी रुख नहीं बदला तो वह अगला कदम उठाने को मजबूर होंगे। कहा कि सरकार आश्वासन देती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हुआ है। दो साल से आंदोलन करने पर भी उनकी मांगों पर वास्तविक कार्रवाई नहीं हो रही।