नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारियों के रिटायरमेंट की उम्र में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है। लोकसभा में बंशीलाल महतो के प्रश्न के लिखित उत्तर में कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह बात कही। सांसद ने सवाल किया था कि क्या केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु में बदलाव का कोई प्रस्ताव है? इस पर मंत्री ने कहा, नहीं महोदया। साल 2013 में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सातवे वेतन आयोग के गठन को जब मंजूरी दी गई थी, तब यह चर्चा थी कि इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र 60 से बढ़ाकर 62 हो सकती है। लेकिन अब तक ऐसा कोई प्रस्ताव माना नहीं गया है। आज सरकार ने खुद साफ कर दिया कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।
हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने के बजाए घटाने की खबरें भी आती रही हैं। कहा जा रहा था कि सैलरी और पेंशन पर लगातार बढ़ते खर्च के मद्देनजर सरकार कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र 60 से घटाकर 58 कर सकती है। लेकिन सरकार ने हर बार ऐसी चर्चाओं पर विराम लगा दिया।