ताज़ा समाचार

बिलासपुर: ’अपना घर’ वृद्ध आश्रम में सबीना और कन्हैया के विवाह समारोह में शामिल हुईं DC किरण

वृद्धजनों के जीवन में खुशियां और नई उम्मीद जगाने की पहल प्रेरणादायक: उपायुक्त

बिलासपुर: उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने आज अपना घर वृद्ध आश्रम दयोली में आयोजित 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया के विवाह समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने ’अपना घर’ वृद्ध आश्रम के ट्रस्टियों, कल्याण विभाग तथा जिला बिलासपुर के समस्त लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्धजन केवल ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिन्हें परिवार द्वारा छोड़ दिया गया हो और जिनका जीवन केवल दवाइयों एवं अन्य जरूरतों तक सीमित रह गया हो। उन्होंने कहा कि अपना घर वृद्ध आश्रम ने एक सराहनीय पहल करते हुए समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि जीवन हमेशा दूसरा अवसर देता है और हमें उस अवसर को अपनाकर खुशियों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इस पहल से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा कि वृद्धावस्था का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति की जरूरतें और जीवन के प्रति उसकी इच्छाएं समाप्त हो गई हैं। प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, खुशियों और बेहतर जीवन जीने का पूरा अधिकार है।
उपायुक्त ने कहा कि ’अपना घर’ वृद्ध आश्रम ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया है कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में एक और अवसर मिलना चाहिए तथा उसे खुशी और उत्साह के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश चंद बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed