ताज़ा समाचार

एमएसएमई क्षेत्र विकसित भारत / 2047 की परिकल्पना को साकार करने में निभा रहा है महत्वपूर्ण भूमिका – राज्यपाल

शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र भारत की आर्थिक प्रगति के उत्प्रेरक के रूप में कार्य कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत/2047 के विजन को साकार करने में यह क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राज्यपाल ने आज सिरमौर जिले के काला अंब में लघु उद्योग भारती की काला अंब इकाई द्वारा आयोजित एक समारोह में एंबुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा भावना भी जुड़ी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित करना औद्योगिक जगत की समाज के प्रति संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में एमएसएमई क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देशभर में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां 32 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। इसके अतिरिक्त, ये इकाइयां देश की जीडीपी, विनिर्माण और निर्यात में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने, सुगम संस्थागत वित्तीय पहुंच, तकनीकी उन्नति को बढ़ावा देने और कारोबार करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई परिवर्तनकारी कदम उठाए हैं।
राज्यपाल ने एक अप्रैल, 2025 से प्रभावी एमएसएमई के संशोधित वर्गीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि निवेश और वार्षिक कारोबार की सीमा में वृद्धि से उद्यमियों के लिए कारोबार के विस्तार, नए निवेश, रोजगार सृजन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के नए अवसर खुले हैं।
उन्होंने कहा कि संशोधित व्यवस्था के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए निवेश की सीमा क्रमशः 2.5 करोड़ रुपये, 25 करोड़ रुपये और 125 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त, वार्षिक कारोबार की सीमा को बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये, 100 करोड़ रुपये और 500 करोड़ रुपये किया गया है।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और क्रेडिट गारंटी योजना के महत्व को इंगित करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और उद्यमिता के नए अवसर सृजित करने में मदद मिल रही है। उन्होंने बल देकर कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि ऐसा मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है, जहां उद्यमी नवाचार, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर कारोबार का विस्तार कर सकें और नए बाजारों तक पहुंच बना सकें।
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास में काला अंब के योगदान की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि काला अंब जैसे औद्योगिक क्लस्टरों में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर सृजित करने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्यमियों को साझा मंच प्रदान करने तथा उनमें सहयोग, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने के लिए लघु उद्योग भारती की भी सराहना की।
राज्यपाल ने लघु उद्योग भारती की काला अंब इकाई के पदाधिकारियों और औद्योगिक जगत से जुड़े सभी लोगों को इस सराहनीय जनकल्याणकारी पहल के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने काला अंब क्षेत्र के पंचायत प्रधानों को भी सम्मानित किया।
इससे पूर्व, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा प्रदेश में लघु उद्योग भारती के अंतर्गत स्थापित औद्योगिक इकाइयों के बारे में जानकारी दी।
लघु उद्योग भारती के सदस्य अखिल महेश्वरी ने राज्यपाल को काला अंब इकाई द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।
लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष अखिल मोहन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed