शिमला: 27 नवंबर से शुरू कांस्टेबल भर्ती; 9,151 अभ्यर्थी लेंगे भाग

शिमला: शिमला जिला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PET/PST)  27 नवंबर से 5 दिसंबर  तक पुलिस लाइन्स भराड़ी, शिमला में आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 9,151 अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिनमें 2,707 महिला तथा 6,444 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।

शारीरिक परीक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से सम्पन्न करवाया जाएगा, ताकि परीक्षण सुचारू रूप से हो सके तथा प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी शारीरिक दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर मिले।

सभी अभ्यर्थियों को उनके निर्धारित दिन पर उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अपने ई-कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं तथा निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचें। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखें और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

शिमला पुलिस द्वारा भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि सभी अभ्यर्थियों को बिना किसी असुविधा के भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल सके।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed