शिमला: खाद्य सुरक्षा विभाग का मिठाई की दुकानों का में औचक निरीक्षण; गुलाब जामुन में मिले कॉकरोच
शिमला: खाद्य सुरक्षा विभाग का मिठाई की दुकानों का में औचक निरीक्षण; गुलाब जामुन में मिले कॉकरोच
शिमला: राजधानी शिमला में शनिवार को खाद्य आपूर्ति एवं खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरिक्षण के दौरान मिडिल बाजार की कुछ दुकानों में गंदगी और कॉकरोच मिले। विभाग की टीम ने मिडिल बाजार में दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान गुलाब जामुन में कॉकरोच और अन्य कीड़े तैरते पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग कि सहायक आयुक्त डॉ. विजया और उनकी टीम ने दुकानों में पड़े गुलाब जामुन को मौके पर नष्ट करवाया।
कई जगह मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खुले में रखे हुए पाए गए। टीम ने मौके पर कुछ मिठाइयां नष्ट करवाईं और नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए ।विभाग ने चेतावनी दी है कि तय समय में कमियां दूर नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान टीम को कुछ दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे हुए थे, जिन पर धूल और कीड़े-मकोड़े और कॉकरोच गिरने का खतरा था।
खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने बताया कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए निदेशालय के निर्देशों पर विशेष निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ खाद्य पदार्थों को तैयार करने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सामग्री बनाने से लेकर बेचने तक स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन हो।
डॉ. विजया ने बताया विभाग दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI के नियमों के प्रति जागरूक करता रहता है। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। इसके बावजूद यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
डॉ. विजया ने बताया कि विभाग की नियमित सैंपलिंग के दौरान कुछ मिठाइयों और पनीर के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि मिठाइयां खरीदते समय केवल उनकी चमक-दमक और आकर्षक रंगों को देखकर फैसला न करें। बिना अनावश्यक रंग वाली मिठाइयों को प्राथमिकता दें। विभाग ने अपील की है कि मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें।
दिवाली तक विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन दुकानों में खामियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी कर सुधार का अवसर दिया जाएगा। यदि दुकानदार तय समय में कमियां दूर नहीं करते और नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।