कांग्रेस के शीर्ष नेता भी मुख्यमंत्री सुक्खू को गंभीरता से नहीं लेते – जयराम ठाकुर
कांग्रेस के शीर्ष नेता भी मुख्यमंत्री सुक्खू को गंभीरता से नहीं लेते – जयराम ठाकुर
शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना की और प्रदेश सरकार से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर राष्ट्र को नई दिशा देने वाले महात्मा गांधी के विचार और आदर्श आज भी हम सभी के लिए एक महान प्रेरणास्रोत हैं, वहीं सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ नेतृत्व के प्रतीक शास्त्री जी का प्रसिद्ध मंत्र “जय जवान, जय किसान” आज भी देश के वीर जवानों तथा अन्नदाताओं के सम्मान एवं अभूतपूर्व योगदान की प्रेरणा देता है। हाल ही में अपने दिल्ली दौरे को लेकर मीडिया द्वारा पूछे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रदेशहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, वर्तमान सरकार के कामकाज तथा संगठन के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई है। चर्चाएं कई तरह की होती है। सरकार और संगठन पर भी चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्रियों का सहयोग मिलता रहता है और चल रही योजनाओं को लेकर भी फीडबैक लिया जाता है और इससे प्रदेश को कैसे लाभ पहुंचे पर पर भी राय ली जाती है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि कर्मचारी हितैषी होने का झूठा दम भरने वाली इस सरकार के शासनकाल में आज कर्मचारी और पेंशनर धरने पर बैठने को मजबूर हैं, यहाँ तक कि कई दिनों से अपनी जायज़ मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे जेबीटी शिक्षकों की बात सुनने तक का समय मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों के पास नहीं है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री बड़े-बड़े दावे कर रहे थे कि वे गांधी जयंती के शुभ अवसर पर ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ का शुभारंभ करेंगे, लेकिन वे ऐसा करने में पूरी तरह से विफल रहे। उन्होंने कहा कि मंडी के देहुरी स्कूल की तर्ज पर इस योजना के शुभारंभ की तिथि को भी आगे खिसका दिया गया है क्योंकि उनकी केंद्रीय नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल आने का समय ही नहीं दिया। जयराम ठाकुर ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि खुद कांग्रेस के शीर्ष नेता भी मुख्यमंत्री सुक्खू को गंभीरता से नहीं लेते हैं, और यही कारण है कि चार वर्षों में कांग्रेस नेतृत्व के समय न देने के कारण केवल कार्यक्रमों और योजनाओं की तिथियों को आगे खिसकाने का ही काम चलता रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विकास कार्यों को लेकर कोई ध्यान ही नहीं है। वे सिर्फ अपने मित्रों का ख्याल रखते हैं और उनकी ही बात सुनते हैं। यही कारण है कि मंत्री उनकी शिकायतें लेकर दिल्ली दौड़े रहते हैं।