अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी – प्रवीण डावर
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी – प्रवीण डावर
शिमला : अखिल भारतीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय चेयरपर्सन कैप्टन प्रवीण डावर ने कहा है कि उनका विभाग देश में कांग्रेस की विचारधारा,देश की आजादी में कांग्रेस का योगदान, इसके इतिहास के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा व आरएसएस की राष्ट्र विरोधी सोच व कार्यो से युवाओं को जागरूक करने की बहुत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विचार विभाग ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उनके राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है, और जहां संभव हो रहा है वह स्वम् भी दौरे कर रहें है। अब तक उन्होंने विभिन्न राज्यों में 17 बैठके पूरी कर ली है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में विचार विभाग की राज्यस्तरीय बैठक से पूर्व पत्रकार वार्ता में प्रवीण डावर ने कहा कि उनका प्रयास देश व राज्यों में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का है। डावर ने केंद्र की भाजपा सरकार को वोट चोरी के लिए आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आज देश का संविधान व लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है। हाल ही में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त की एसआईआर को लेकर उनकी भूमिका बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज देश मे वोट चोरी के साथ साथ चुनी हुई सरकारों की भी चोरी हो रही है। यह सिलसिला केंद्र की मोदी सरकार के गठन, 2014 से शुरू हुआ है। मोदी सरकार ने ईवीएम की विश्वसनीयता। को भी तार तार कर दिया है। डावर ने प्रदेश में सुक्खू सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल देश का पहला राज्य बना है जहां बेसहारा बच्चों को सरकार ने गोद लेकर उनका लालन पालन, उनकी शिक्षा यहां तक कि महीने का जेब खर्च भी सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजना अन्य सभी राज्यों विशेष तौर पर कांग्रेस शासित राज्यों में भी चलनी चाहिए। यह बहुत ही उत्कृष्ट उदाहरण है। डावर ने दावा किया कि प्रदेश में लोगों का झुकाव कांग्रेस की ओर है और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।