घुमारवीं /बिलासपुर: जिला स्तरीय सीर उत्सव 2 – 3 अक्टूबर को, लैंगिक समानता व नशा मुक्ति रहेगा मुख्य थीम

मां रूकमणी की पूजा अर्चना के बाद होगा योग सत्र, भजन कीर्तन एवं भव्य शोभायात्रा का भी होगा आयोजन

मेला अवधि के दौरान आयोजित होंगी विभिन्न खेल स्पर्धाएं, हेल्थ कैंप, रोजगार मेला का भी होगा आयोजन
घुमारवीं /बिलासपुर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय घुमारवीं में जिला स्तरीय सीर उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय सीर उत्सव का आयोजन 2 और 3 अक्टूबर को किया जाएगा। उत्सव के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्सव का मुख्य संदेश लैंगिक समानता और नशे के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता पर केंद्रित रहेगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों को बेहतर बनाने में सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।
राजेश धर्माणी ने कहा कि सीर उत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनकी उपलब्धियों से अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि उत्सव में ग्रामीण खेलों को विशेष महत्व दिया गया है। इस वर्ष पहली बार महिला मंडलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कबड्डी, हैंडबॉल, रस्साकशी, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़ और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सीर उत्सव की शुरुआत रुक्मणी कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगी। रुक्मणी कुंड क्षेत्र की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और सामाजिक कल्याण के लिए किए गए त्याग एवं बलिदान की स्मृति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष रुक्मणी कुंड के पानी को औहर के पास फोरलेन तक ग्रेविटी के माध्यम से पहुंचाकर यूवी फिल्टर प्याऊ स्थापित किया गया है, जिसका लाभ हजारों लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सीर उत्सव के पहले दिन 2 अक्तूबर को प्रातः 6 बजे मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न आयु वर्गों के महिला, पुरूषों, युवाओं तथा बच्चों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मैराथन सहित अन्य खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सीर उत्सव के दौरान घुमारवीं में शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इसके साथ ही मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ एवं सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहली बार सीर उत्सव में रोजगार मेले का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न बड़ी कंपनियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
श्री धर्माणी ने कहा कि उत्सव की पहली संध्या भजन संध्या के रूप में आयोजित की जाएगी, जिसमें स्टार कलाकार के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। दूसरे दिन भी स्थानीय और प्रदेश के पहाड़ी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी तथा एक स्टार कलाकार मुख्य आकर्षण रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, लोक संस्कृति, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का अवसर भी है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों से सीर उत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।

बैठक संचालन सीर उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed