बिलासपुर: भारतीय सेना द्वारा अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेना भर्ती रैली का आयोजन 26 सितंबर से 06 अक्तूबर 2026 तक अणु खेल मैदान एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर, हमीरपुर में किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए निदेशक आर्मी भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने बताया कि यह भर्ती रैली जिला हमीरपुर, बिलासपुर एवं ऊना के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा अभ्यर्थियों को ई-मेल के माध्यम से भी सूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने एडमिट कार्ड का उच्च गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट आउट अवश्य साथ लाएं ताकि बारकोड स्कैनिंग के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को रैली के दौरान सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों एवं उनकी दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां जैसे आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र की तीन प्रतियां, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, डोगरा वर्ग तथा जाति प्रमाण पत्र, स्कूल चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, एनसीसी/खेल/ रिश्तेदारी का मूलरूप प्रमाण पत्र (यदि हो), पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।













