हिमाचल: धान खरीद के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू
हिमाचल: धान खरीद के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू
हिमाचल: प्रदेश में खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों से धान खरीदने के लिए ऑनलाईन पोर्टल को पंजीकरण के लिए 15 सितम्बर से खोल दिया गया है। किसान अपने धान की फसल बेचने के लिए ऑनलाइन पोर्टल एचपी एपीपी पर पंजीकरण करके अपनी सुविधानुसार टोकन बुक कर सकते हैं। निदेशक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कुमुद सिंह ने आज यहां बताया कि प्रदेश में धान की खरीद 3 अक्तूबर से शुरू होगी तथा 15 दिसम्बर तक किसानों से खरीदा जाएगा, जिसके लिए 11 खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं। धान की खरीद चार सीमान्त जिलों कांगड़ा, सोलन, ऊना एवं सिरमौर में की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीकरण के लिए किसानों को एग्रीस्टैक की फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है। इसमें किसानों का व्यक्तिगत एवं जमीन सम्बन्धी डाटा फार्मर रजिस्ट्री से ऑनलाईन लिया जाएगा तथा पटवारी से जमीन के सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी परन्तु उसे बैंक सम्बंधी सम्पूर्ण जानकारी पूर्व की भाति स्वयं भरनी होगी। जो किसान एग्रीस्टैक में पंजीकृत नहीं है, उसे पूर्व की भांति एचपी एपीपी पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए स्वयं सम्पूर्ण जानकारी भरनी होगी तथा पूर्व की भांति ही पटवारी द्वारा जमीन का ऑनलाइन सत्यापन तथा कृषि अधिकारी द्वारा उपज की एंट्री ऑनलाईन करनी होगी। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए भारत सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है जो पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये अधिक है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि अपनी धान की फसल को उक्त चार जिलों में स्थापित 11 खरीद केन्द्रों में जाकर बेचें तथा भारत सरकार द्वारा दिए जा रहे न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से भी आग्रह किया है कि वे उक्त समर्थन मूल्य की जानकारी किसानों तक पहुंचाए तथा उन्हें उनकी फसल सरकार को बेचने के लिए प्रेरित करें।