देहरा: बाल विकास परियोजना अधिकारी, देहरा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार बाल विकास परियोजना देहरा के उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का 1 और आंगनवाड़ी सहायिका के 10 पद भरे जाने हैं। इन पदों के लिए पात्र महिलाओं से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का पद पंचायत कमलोटा के आंगनवाड़ी केंद्र लाहसन के लिए रिक्त है। इसी प्रकार आंगनवाड़ी सहायिका के पद लुथान पंचायत के हार लुथान, कोपड़ा के ठेहड़ा, कथोग के बाहनी, घरना के ठम्बा, सलिहार के सलिहार, गाहलियॉ के भगोर-1, घलौड़ा के पजलेहड़, डोला खरियाणा के डोला, अलुहा के उमरी तथा अम्ब सलेतर पंचायत के अम्ब सलेतर केंद्र के लिए भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाली महिला अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे अथवा फीडर क्षेत्र की निवासी होनी चाहिए। सर्वे प्रमाण पत्र संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और वृत्त पर्यवेक्षक द्वारा जारी किया गया ही मान्य होगा। अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास रखी गई है। आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार, तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी होना अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया के तहत पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके लिए कुल 25 अंक निर्धारित किए गए हैं। इसमें शैक्षणिक योग्यता के 10 अंक, अनुभव के 3 अंक, दिव्यांगता के 2 अंक, आरक्षण के 2 अंक, विशेष परिस्थितियों के 3 अंक, सीमित परिवार के 2 अंक और व्यक्तिगत साक्षात्कार के 3 अंक शामिल हैं। चयन समिति में उपमंडल अधिकारी नागरिक ज्वालामुखी अध्यक्ष होंगे जबकि बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा सदस्य सचिव और तहसील कल्याण अधिकारी सदस्य होंगे।
इच्छुक महिलाएं अपना आवेदन पत्र शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, जाति, दिव्यांगता या विशेष परिस्थिति के प्रमाण पत्र और संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र के प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 24 अगस्त 2026 को सायं 5 बजे तक कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा जिला कांगड़ा में जमा करवा सकती हैं।












