शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक अहम बैठक 16,17 को कसौली में प्रस्तावित है। बैठक में संगठन व विभागों के सभी पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के साथ अगले साल होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति पर भी आपसी विचार विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने आज यहां बताया कि उनके दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेताओं के साथ प्रदेश के संगठनात्मक विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा के साथ केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश में नीट पेपर लीक व राम मंदिर चंदा चोरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के धरने प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि यह धरने बहुत ही सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जो भी दिशा निर्देश प्रदेश कांग्रेस कमेटी को समय समय पर मिलते रहें हैं उन्हें सफलता पूर्वक पूरा किया जा रहा है।
विनय कुमार ने बताया कि 16,17 अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री के सी बेनुगोपल प्रदेश के दौरे पर आ रहें है। इस दौरान कसौली में पार्टी की दो दिवसीय एक बैठक रखी गई है। बैठक में प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल,प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी,प्रदेश मंत्रीमंडल के सभी सदस्य,पीसीसी कार्यकारणी के सभी सदस्यों, पदाधिकारी, अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी प्रमुखों सहित जिला व ब्लॉक अध्यक्षों के साथ बैठके होंगी। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी,पीएसी, राजनैतिक मामलों की समिति व प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ भी प्रदेश की वर्तमान राजनैतिक वस्तु स्थिति और पार्टी की भावी राजनीति पर भी विचार विमर्श किया जाएगा।