हमीरपुर: जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में 22 जुलाई को सुबह 10 बजे लघु रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें तीन कंपनियां कुल 115 पदों के लिए पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार लेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एआर डिजिटल टैक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड हमीरपुर में डिजिटल मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 8 पदों के लिए कंप्यूटर, डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया का ज्ञान रखने वाले 12वीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। एचआर एग्जीक्यूटिव के 4 पदों के लिए एमबीए (एचआर) या एलएलबी डिग्रीधारक पात्र होंगे। ग्राफिक डिजाइनर एवं वीडियो एडिटर के 8 पदों हेतु बारहवीं पास एवं संबंधित क्षेत्र में डिग्री या डिप्लोमाधारक पात्र होंगे। वेब डिजाइनिंग के 8 पदों के लिए वेब डिजाइनिंग एवं डाटा एनालिसिस का ज्ञान रखने वाले बारहवीं पास या स्नातक उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। सेल्स एंड मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 10 पदों हेतु स्नातक या एमबीए डिग्रीधारक पात्र होंगे। इन सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष रखी गई है। चयनित महिला एवं पुरुष उम्मीदवारों को 15 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि स्नो व्यू ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड में सर्विस एडवाइजर के 25 पदों के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक या डिप्लोमाधारक 18 से 45 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार पात्र हैं। जबकि, मोटर मैकेनिक के 25 पदों के लिए पुरुष अभ्यर्थी आईटीआई डिप्लोमाधारक होना चाहिए। सेल्स एग्जीक्यूटिव के 25 पदों के लिए महिला या पुरुष अभ्यर्थी स्नातक और ड्रªाइविंग लाइसेंसधारक होना चाहिए। इनकी आयु भी 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि बजाज लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड हमीरपुर में सेल्स मैनेजर के 2 पदों के लिए 25 से 30 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष स्नातक उम्मीदवार पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को बीस हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।













