मण्डी: सुंदरनगर में शिक्षिका ने किया सुसाइड, दहेज व प्रताड़ना के आरोप में पति समेत 4 गिरफ्तार

मण्डी: जिला मण्डी सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में सरकारी स्कूल में कार्यरत एक महिला शिक्षिका ने अपने सरकारी क्वार्टर में कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतक महिला के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार आशिमा पत्नी काशीम अली मूल निवासी गांव बारू डाकघर सधोट तहसील सरकाघाट और वर्तमान में भोजपुर (सुंदरनगर) की रहने वाली थीं। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थीं। आशिमा अपने पति के साथ जयदेवी में किराये के मकान में रह रही थीं। बीते मंगलवार शाम आशिमा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उन्हें तुरंत नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। मृतका के भाई आशिद पुत्र सुलेमान अंसारी निवासी भोजपुर की शिकायत पर पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आशिमा को उसके पति, सास, ससुर और ननद लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि बुधवार को फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed