शिमला: सेब सीजन–2026 के दौरान सेब परिवहन को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा आम जनता की आवाजाही में न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिमला पुलिस ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना तैयार की है। यह योजना जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से तैयार की गई है, जिसमें मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन, सड़क अवरोध एवं बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखा गया है।
सेब परिवहन वाहनों की प्रभावी निगरानी एवं यातायात नियंत्रण के लिए भट्टाकुफर (फल मंडी ढली), शोगी, बेखलटी (फागू), मेहली, छराबड़ा एवं मशोबरा बाइफरकेशन सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस नाके एवं बैरियर स्थापित किए जाएंगे। इनमें से शोघी व छराबरा में 24×7 नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर यातायात का नियमन, वाहनों की चरणबद्ध आवाजाही, यातायात की निरंतर निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त कुड्डू, फागू, नैणा, गुम्मा (नेरवा), बालाग एवं शोगी में 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे, जहाँ सेब परिवहन में लगे चालकों एवं सहायकों के दस्तावेजों का सत्यापन, पहचान पत्र जारी करने, यातायात की सतत निगरानी तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
भट्टाकुफर फल मंडी क्षेत्र में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सेब से लदे ट्रक एवं भारी मालवाहक वाहन शिमला शहर में प्रवेश नहीं करेंगे तथा उन्हें ढली–मेहली–शोगी बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। सेब से लदे ट्राले प्रातः 5:00 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक ठियोग–शिमला मार्ग पर नहीं चलेंगे। ढली चौक से भट्टाकुफर तक पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी तथा प्रतीक्षारत वाहनों के लिए ढली–फागू मार्ग पर निर्धारित स्थान चिन्हित किए गए हैं। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए शोगी, फागू एवं छराबड़ा से वाहनों को चरणबद्ध तरीके से छोड़ा जाएगा तथा अनधिकृत रूप से खड़े एवं खराब वाहनों को तुरंत हटाया जाएगा।
सेब उत्पादक क्षेत्रों में भी विस्तृत यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। ठियोग, रामपुर, रोहड़ू एवं चौपाल उपमंडलों में नियंत्रण कक्ष, होल्डिंग प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थलों तथा संवेदनशील एवं अवरोधक स्थानों की पहचान कर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि सेब परिवहन निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा 7 अतिरिक्त रिजर्व उपलब्ध कराए गए हैं। सेब सीजन के दौरान पूरे जिले में लगभग 300 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे।
शिमला पुलिस सभी बागवानों, परिवहन संचालकों, आढ़तियों, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील करती है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था, मार्गों एवं समय का पालन करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग करें। आम जनता से भी अनुरोध है कि फल मंडियों के आसपास अनावश्यक पार्किंग से बचें, यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा मानसून के दौरान यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें।