शिमला: शहर से प्रमुख मंडियों एवं मोटर मार्केट के स्थानांतरण की दिशा में प्रशासन ने बढ़ाए कदम

शिमला: शिमला शहर से सब्जी मंडी, अनाज मंडी और लक्कड़ मंडी को शहर से बाहर स्थानांतरित करने तथा ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के संबंध में आज यहां उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त ने कहा कि शहर से सब्जी मंडी, अनाज मंडी, लक्कड़ मंडी तथा ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की दिशा में जिला प्रशासन प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इसके लिए मेहली के समीप लगभग 300 बीघा प्रस्तावित भूमि का आज संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में राजस्व विभाग के अधिकारियों के अलावा एपीएमसी, परिवहन विभाग, नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि शहर में प्रतिदिन वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। वहीं, विभिन्न बाजारों में बढ़ते यातायात दबाव के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के समक्ष एक बड़ी चुनौती है। इस चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रमुख मंडियों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने तथा  एवं ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना भी शहर  से बाहर करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

बैठक में बताया गया की प्रस्तवित 300 बीघा ज़मीन इन मंडियों के स्थानातरण तथा ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए उपयुक्त है। इसके आलावा यह ज़मीन निर्माणाधीन मेहली-शोघी फोरलेन के समीप है जिससे लोगों व आढ़तियों को यातायात की भी बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। 
बैठक में नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला (शहरी) ओशिन शर्मा, एसडीएम शिमला (ग्रामीण) मंजीत शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विश्व मोहन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed