मण्डी: पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर एवं मल्टीपर्पज वर्कर के 8 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

पधर: अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग मंडल पधर राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर एवं मल्टीपर्पज वर्कर के कुल 8 पदों को भरने के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक निर्धारित आवेदन प्रपत्र पर अपने आवेदन अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग मंडल पधर के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

राकेश कुमार ने बताया कि पैरा पंप ऑपरेटर के 2 पद जिनमें एक पद अनुसूचित जाति तथा एक पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग लिए आरक्षित है। इसी प्रकार पैरा फिटर के 2 पद जिनमें एक पद अनुसूचित जाति तथा एक पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं मल्टीपर्पज वर्कर के 4 पदों में एक-एक पद सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित किया गया है। पैरा पंप ऑपरेटर एवं पैरा फिटर के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई अथवा कौशल विकास प्रमाणपत्र तथा मल्टीपर्पज वर्कर के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष रखी गई है।

राकेश कुमार ने बताया कि पैरा पंप ऑपरेटर एवं पैरा फिटर को 7100 रुपये प्रतिमाह तथा मल्टीपर्पज वर्कर को 6000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों, कार्यानुभव, बीपीएल श्रेणी (जहां लागू हो) तथा शारीरिक एवं कौशल परीक्षण के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा आरक्षित वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग मंडल पधर के कार्यालय के सूचना पट्ट पर उपलब्ध है।

उन्होंने सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है। साथ ही स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed