जिला बिलासपुर में नीट परीक्षा में कुल 5 परीक्षा केंद्रों में 1352 अभ्यर्थी होंगे शामिल

सभी परीक्षार्थी निर्धारित समय 1:30 बजे से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना सुनिश्चित करें

उपायुक्त की अध्यक्षता में नीट (यूजी) 2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर: आगामी 21 जून (रविवार) को आयोजित होने जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन बिलासपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के लिए की गई सभी तैयारियों की संबंधित विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई। जिला बिलासपुर में बिलासपुर मुख्यालय में तीन तथा घुमारवीं में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए हैं, जिनमें 1352 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिये।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए परिवहन सेवाओं की सुगमता, पेयजल आपूर्ति, इंटरनेट सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं के तहत एंबुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सभी सुविधाएं समयबद्ध सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित बनाने तथा परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र में एक डयूटी मजिस्ट्रेट तथा एक पुलिस टीम लीडर की भी तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
राहुल कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय 1ः30 बजे से पूर्व परीक्षा केंद्रों में पहुंचने का आह्वान किया ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी परीक्षार्थी अपने साथ नया एडमिट कार्ड, वास्तविक पहचान पत्र तथा दो फोटोग्राफ साथ लाना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए, ताकि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम डाॅ. राजदीप सिंह, गौरव चैधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार, केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य रिंकु कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed