हिमाचल: पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 80 फीसदी मतदान, जानें जिला-वार मतदान का विवरण…
हिमाचल: पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 80 फीसदी मतदान, जानें जिला-वार मतदान का विवरण…
हिमाचल: द्वितीय चरण में आज सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक मत पत्र व मत पेटी के माध्यम से 1276 ग्राम पंचायतों में मतदान संपन्न करवाया गया। सायं 7:00 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल मतदान लगभग 80% दर्ज किया गया, जिसमें अंतिम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत वृद्धि होने की संभावना है। जिला कुल्लू में सर्वाधिक लगभग 86% मतदान दर्ज किया गया। जिला सिरमौर में भी लगभग 85% मतदान दर्ज किया गया, जबकि जिला लाहौल-स्पिति में न्यूनतम लगभग 69% मतदान हुआ। जिला कुल्लू में सर्वाधिक महिला मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया, जो लगभग 86% रहा। राज्य के 9 जिलों में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुष मतदाताओं की तुलना में अधिक दर्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता एवं सशक्तिकरण को दर्शाता है। इसी प्रकार जिला सोलन के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत ढेला में सर्वाधिक लगभग 96% मतदान दर्ज किया गया। जिला-वार मतदान का विवरण निम्नानुसार है:-
जिलावार कुल मतदान प्रतिशत
वर्ष 2021 में आयोजित पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनावों में द्वितीय चरण में 1208 ग्राम पंचायत में प्रदेश में लगभग 76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन के अंतर्गत प्रधान, उप-प्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों की मतगणना प्रक्रिया वर्तमान में जारी है तथा इनके परिणाम आज देर रात्रि तक घोषित किए जाने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, 250 जिला परिषद वार्डों तथा 1684 पंचायत समिति वार्डों के लिए मतगणना दिनांक 31 मई, 2026 को सम्पन्न करवाई जाएगी तथा उक्त पदों के निर्वाचन परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
संपूर्ण मतदान प्रक्रिया सामान्यतः शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। राज्य निर्वाचन आयोग जिला प्रशासन, निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों तथा मतदाताओं का इस निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में दिए गए सहयोग हेतु हार्दिक आभार व्यक्त करता है।