लाहौल स्पीति : जिला उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि सीमा सड़क संगठन (BRO) 94 RCC द्वारा जानकारी दी गई है कि जाहलमा पुल के पास संसारी-किलाड़-तिंदी (SKTT) सड़क पर पहाड़ी से दरारें आने और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। साथ ही सड़क के ऊपर से लगातार पत्थर गिरने के कारण यह मार्ग यात्रियों और वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित हो गया है।
उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत और मलबा हटाने का कार्य जारी है। इस स्थिति को देखते हुए उपायुक्त व अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत आदेश जारी करते हुए जाहलमा पुल के पास उक्त सड़क को प्रतिदिन रात्रि 7:00 बजे से सुबह 7:00 बजे तक अगले आदेशों तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।