पंचायत चुनावों के लिए हमीरपुर में भरे गए कुल 5333 पर्चे

हमीरपुर: जिला परिषद हमीरपुर के 19 वार्डों, जिला की सभी 6 पंचायत समितियों के कुल 119 वार्डों और जिला की कुल 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों सहित कुल 1860 पदों के लिए तीन चरणों में होने वाले चुनावों के लिए कुल 5333 नामांकन पत्र भरे गए हैं। इनमें जिला परिषद के लिए 69, बीडीसी के लिए 529, पंचायत प्रधान 1058, उपप्रधान 1115 और पंचायत सदस्य के लिए 2562 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को 2213 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सोमवार को जिला परिषद के लिए कुल 36 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

6 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए 250 पर्चे भरे गए।

इसी प्रकार, पंचायत प्रधान के पद के लिए जिले भर में 406, उपप्रधान के लिए 511 और पंचायत सदस्यों के लिए 1010 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सभी नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। 14 और 15 मई को सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। 15 मई की शाम को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे।

उपायुक्त ने बताया कि 26 मई को 83 पंचायतों में, 28 मई को 82 पंचायतों में और 30 मई को 77 पंचायतों में सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि, पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आरंभ होगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed