नगर निगम के चुनावों में पार्टी निर्देशों की कोई अवहेलना नहीं होनी चाहिए – विनय कुमार
नगर निगम के चुनावों में पार्टी निर्देशों की कोई अवहेलना नहीं होनी चाहिए – विनय कुमार
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी के जिला व ब्लॉक अध्यक्षों से चारों नगर निगमों, नगर निकायों व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों का फीडबैक लेते हुए कहा है कि पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव से सम्बंधित जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है उस पर कड़ी नज़र रखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वॉर रूम को हर रोज फीडबैक दें। उन्होंने कहा है कि नगर निगम के चुनावों में पार्टी निर्देशों की कोई अवहेलना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला व ब्लॉक अध्यक्षों से पूरे तालमेल के साथ कार्य करने को कहा है।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन विनोद ज़िंटा ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी में चुनाव के लिये गठित वॉर रूम ने आज से जिला व ब्लॉक अध्यक्षों के अतिरिक्त इन चुनावों के लिये पार्टी की ओर से नियुक्त प्रभारी व समंवयको के साथ सूचनाओं का आदान प्रदान शुरू कर दिया है।
ज़िंटा ने कहा कि जिन पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों की इन चुनावों में ड्यूटी लगाई गई है उन सबको फील्ड में डटने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी के वरिष्ठ नेता भी नगर निगमों में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति की बैठक में इसको अंतिम रूप दिया जा रहा है।
ज़िंटा ने जिला परिषद के चुनावों के साथ साथ नगर निकायों के चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ मैदान में डटने को भी कहा है। उन्होंने कहा है कि पार्टी का कार्यकर्ता जो अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करेगा उसको संगठन में पूरा मान सम्मान देते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी जाएगी।