कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोंटकर चुनाव हाईजैक करने का प्रयास कर रही है – डॉ. बिंदल
कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोंटकर चुनाव हाईजैक करने का प्रयास कर रही है – डॉ. बिंदल
शिमला: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार निगम चुनावों को प्रभावित करने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का खुला दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र पर दबाव बनाकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सोलन नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-3 से भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द किया जाना कांग्रेस की सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार को चुनाव मैदान से बाहर करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया गया, लेकिन हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने हस्तक्षेप करते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवार को चुनाव लड़ने का अधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय का यह निर्णय स्पष्ट रूप से साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव को “हाईजैक” करने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपनाने में लगी हुई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस पूरी घटना ने भाजपा के चुनाव अभियान को प्रभावित किया तथा भाजपा उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं रखती और जब जनता उनके खिलाफ खड़ी दिखाई देती है तो प्रशासनिक दबाव, भय और सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से चुनाव परिणामों को प्रभावित करने का प्रयास करती है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार, आर्थिक कुप्रबंधन और विकास विरोधी नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। जनता ने मन बना लिया है कि इस निकम्मी और जनविरोधी सरकार को सत्ता से बाहर करना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस सरकार चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, उससे जनता में भारी आक्रोश है और इसका जवाब लोग लोकतांत्रिक तरीके से भारी मतदान कर देंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और कांग्रेस सरकार के हर अलोकतांत्रिक कदम को जनता के बीच उजागर करेगी। भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए हैं और प्रदेश की जनता का समर्थन भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि सत्ता के दबाव, प्रशासनिक दुरुपयोग और राजनीतिक षड्यंत्रों के माध्यम से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हिमाचल प्रदेश की जागरूक जनता आने वाले चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देकर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम करेगी।