शिमला: हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को देश के गरीबों को न्याय, बेरोजगारों को रोजगार, किसानों को राहत और सामाजिक सुरक्षा के प्रति समर्पित बताया है। उन्होंने कहा कि यह घोषणा पत्र देश को नई दिशा देगा। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं को सत्ता जाने का अहसास हो गया है। उन्होंने कहा कि देश को जुमले नहीं, हकीकत चाहिए। कांग्रेस ने जो वायदे देश से किए हैं, उन्हें वह हर हाल में पूरा करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सोच और उनकी प्राथमिकता देश को आगे बढ़ाने की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही देश के विकास के प्रति समर्पित रही है और आगे भी रहेगी। इसके लिए कांग्रेस को भाजपा के किसी भी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। वीरभद्र सिंह ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा के इस शासनकाल में देश में जो गरीबी बढ़ी है, उसे दूर करने के लिए न्यूनतम आय योजना देश की 20 फीसदी गरीब परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। रोजगार के लिए कांग्रेस अपना वादा हर हाल में पूरा करेगी।