नूरपुर: तहसीलदार राधिका सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य पद हेतु नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने नामांकन पत्र दिनांक 07 मई, 08 मई एवं 11 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक बीडीओ कार्यालय में उनके समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से की जाएगी, जबकि नाम वापसी की तिथियां 14 मई एवं 15 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक निर्धारित की गई हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 15 मई 2026 को ही चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नामांकन भरने वाले सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेजों में नामांकन पत्र (Form-18) विधिवत हस्ताक्षर/अंगूठा निशान सहित, नो-ड्यूज प्रमाण पत्र (Form 18-A) संबंधित पंचायत/समिति/जिला परिषद से, शपथ पत्र/घोषणा पत्र (Form 18-B) विधिवत सत्यापित, शपथ (Form-19), आरक्षित वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), मतदाता सूची में नाम का प्रमाण के लिए इलेक्टोरल रोल की प्रति, आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड/जन्म प्रमाण पत्र/मैट्रिक प्रमाण पत्र/पैन कार्ड जिसमें अभ्यर्थी की आयु 12 मई 2026 तक न्यूनतम 21 वर्ष होना अनिवार्य है तथा नियमानुसार सुरक्षा राशि शामिल हैं।
तहसीलदार राधिका सैनी ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित समय पर नामांकन दाखिल करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
-0-