शिमला: सड़क सुरक्षा पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित

शिमला: परिवहन विभाग की लीड एजेंसी रोड सेफ्टी सेल द्वारा आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी के सहयोग से आज डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा) में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक परिवहन नीरज कुमार ने की।
इस अवसर पर नीरज कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को केवल नियमों का पालन करने तक सीमित न रख कर इसके बारे में प्रत्येक नागरिक को जागरूक किया जाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा फरवरी 2026 में ऑनलाइन माध्यम से ‘सड़क सुरक्षा लघु फिल्म महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस महोत्सव के माध्यम से विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा विषय पर लघु फिल्में बनाने के लिए आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में महोत्सव में चयनित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के दौरान आईआईटी मद्रास की टीम द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं, पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों में सुरक्षा के लिए रणनीतियों तथा सुरक्षित सड़कों के लिए नवाचारों और फ्रेमवर्क पर महत्त्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कार्यशाला में हिमाचल प्रदेश के लिए सड़क सुरक्षा के ड्राफ्ट विजन पर भी चर्चा की गई।
अतिरिक्त आयुक्त परिवहन लीड एजेंसी रोड सेफ्टी एस.डी. नेगी, सीओईआरएस आईआईटी मद्रास के प्रमुख प्रो. वेंकटेश बालासुब्रमणियम, आईआईटी मद्रास के प्रतिनिधि, परिवहन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी कार्यशाला में उपस्थित थेे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed