शिमला: MC हाउस में मेयर, डिप्टी-मेयर पद को लेकर हंगामा…
शिमला: MC हाउस में मेयर, डिप्टी-मेयर पद को लेकर हंगामा…
शिमला: शिमला नगर निगम के हाउस में महापौर का कार्यकाल बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। सदन में भाजपा और कांग्रेसी पार्षदों ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं सदन की कार्यवाही में बाधा पहुंचाने पर महापौर ने कृष्णानगर वार्ड के पार्षद बिट्टु कुमार पाना को दो सदन के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद भाजपा समर्थित सभी नौ पार्षद सदन से वाकआउट करके चले गए।
प्रदेश सरकार ने कुछ समय पहले महापौर का कार्यकाल बढ़ाकर ढाई से पांच साल कर दिया है। विधानसभा में जो विधेयक लाया है उस पर राज्यपाल ने हस्ताक्षर नहीं किए हैं। भाजपा पार्षदों ने कहा कि जब विधेयक पास नहीं हुआ है तो महापौर की सीट खाली है, वह हाउस नहीं चला सकते।
हालांकि सदन साढ़े चार बजे तक चला। सदन के हंगामे के बाद यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्षदों की ओर से राज्यपाल को पत्र भेजा जाएगा, जिसके माध्यम से महापौर व उपमहापौर कार्यकाल विस्तार प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया जाएगा।