उत्तराखंड: हिमाचल की बस खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत, कई घायल

हिमाचल : हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के नेरवा डिपो की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन लोगों की माैत की सूचना है। 34 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 9:30 नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस संख्या एचपी66 ए 2588 हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर क्वानू के पास नीचे शूदोई खड्ड में गिर गई। परिचालक की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 37 यात्री सवार थे।  मौके पर एसडीआरएफ, हिमाचल व उत्तराखंड पुलिस की ओर से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे की जानकारी बस के परिचालक ने पुलिस को फोन पर दी। दुर्घटना में घायल हुए नेरवा में प्लंबर का काम करने वाले विनोद कुमार पंडित निवासी बिहार ने बताया कि हादसा एक ट्रक को पास देते समय सड़के किनारे डंगे के अचानक गिरने के कारण हुआ है।

 मृतक 1- यास्मीन बेगम (46) पत्नी नेक मोहम्मद ग्राम – क्यारला नेरवा (हिमाचल)

2-  रिचा (30) पत्नी वीरेंद्र ग्राम- विजमल, नेरवा

3- धन बहादुर,  ग्राम क्यारला नेरवा

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह उत्तराखंड के कवाणु में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटना मेें तीन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। यह बस चौपाल से पांवटा साहिब जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप से दूरभाष के माध्यम से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी हासिल की। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए तथा घायलों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर घायलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकग्रस्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

 उप-मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने बस हादसे में तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया

उप-मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज सुबह उत्तराखंड के कवाणु में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण तीन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
उप-मुख्यमंत्री ने शोकग्रस्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
अपने शोक संदेश मंे शिक्षा मंत्री ने इस दुर्घटना में अपने परिजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed