सरकार कागजों पर नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर काम कर रही है – मुकेश अग्निहोत्री

हिमाचल : प्रदेश सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज मंडी के पड्डल मैदान में भव्य जन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया।  इस अवसर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के तीन वर्षों की उपलब्धियां ऐतिहासिक हैं, क्योंकि ये उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर हुए वास्तविक कार्यों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, सांस्कृतिक संरक्षण व संवर्धन, बुनियादी ढांचा विकास, रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि तथा बागवानी क्षेत्रों में, जो कदम उठाए गए हैं, वे हिमाचल प्रदेश की निरंतर प्रगति और समग्र विकास को दर्शाते हैं।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जो निर्णय और नीतियां लागू की हैं, वे न केवल प्रदेश में परिवर्तन ला रही हैं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक रूप से सराही जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल मॉडल आज देश में चर्चा का विषय है और सरकार की उपलब्धियां हर मंच पर उजागर हो रही हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह सरकार कागजों पर नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर काम कर रही है और आगामी वर्षों में विकास की यह गति और अधिक तेज होगी।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेता दिल्ली से हिमाचल के हकों को रोकने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के हकों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने एचआरटीसी की उपलब्धियों का विवरण देते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों का पर्दाफाश किया जाएगा।
उन्होंने वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता दिल्ली जाकर हिमाचल के हक रोकते हैं। प्रधानमंत्री की घोषणाएं पत्थर की लकीर हैं, लेकिन केंद्र सहायता जारी नहीं कर रहा है। ओपीएस के मुद्दे पर अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार इसे खत्म करने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रदेश सरकार ने वादा किया है कि कानून बनाकर कर्मचारियों को ओपीएस का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने राज्य की वित्तीय स्थिति बिगाड़ी। कांग्रेस सरकार ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद काम किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed