प्रदेश कांग्रेस ने नेताओं ने बाबा भीमराव अंबेडकर को किए श्रद्धा सुमन अर्पित

शिमला : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज संविधान रचयिता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर पार्टी नेताओं ने उनके छाया चित्र पर अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री रेणुका जी के विधायक विनय कुमार ने इस अवसर पर कहा कि आज का  यह दिन केवल एक महापुरुष को स्मरण करने का दिन नहीं, बल्कि उन आदर्शों, उन संघर्षों और उस दृष्टि को याद करने का दिन है जिसने आधुनिक भारत की नींव को दिशा दी थी।
बाबा साहब अंबेडकर जिस नाम में ही संघर्ष, शिक्षा, सम्मान, समानता और न्याय का संदेश समाया हुआ है उनका पूरा जीवन कठिनाइयों से भरा था। उन्होंने भेदभाव की पीड़ा झेली, सामाजिक रोक-टोक देखी, लेकिन इन सबके बीच उन्होंने कभी अपना हौसला नहीं खोया।
विनय कुमार ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षित बनो, संगठित बनो और संघर्ष करो यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के लिए जीवन बदल देने वाला संदेश था। उन्होंने कहा कि  हम सब सौभाग्यशाली हैं कि भारत का संविधान ऐसे महानायक के नेतृत्व में रचा गया, जिसने हर एक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और समानता को सर्वोपरि रखा। आज भी भारत में सामाजिक समानता, शिक्षा, आर्थिक अवसर और न्याय की बात होती है, तो बाबा साहेब की शिक्षाएं हमारा मार्गदर्शन करती हैं।उन्होंने कहा कि जब कोई वंचित वर्ग आगे बढ़ता है तो यह बाबा साहेब के संघर्ष की जीत है।जब कोई बच्चा शिक्षा से अपना जीवन बनाता है तो यह बाबा साहेब के सपनों की पूर्ति है। जब किसी नागरिक को बराबरी का अधिकार मिलता है,तो यह बाबा साहेब की सोच की विजय है।
उन्होंने कहा कि आज हमें अपने भीतर झांक कर पूछना होगा कि क्या हम उनके विचारों के अनुरूप समाज बना पाए हैं, क्या हम हर व्यक्ति को समान अवसर दे रहे हैं,क्या हम भेदभाव से मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर हमें संकल्प लेना होगा कि हम समाज से हर प्रकार के भेदभाव को खत्म करेंगे। संविधान की मर्यादा और मूल्यों की रक्षा करेंगे। शिक्षा, समानता और न्याय को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे। हम उस भारत का निर्माण करेंगे जिसका सपना बाबा साहेब ने देखा था जो एक समतामूलक, प्रगतिशील और न्यायपूर्ण भारत होगा।
इस दौरान पार्टी मुख्यालय में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल,प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल,एससी विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अमित नंदा,शिमला नगर निगम के पार्षद,पूर्व पार्षद, पीसीसी के पूर्व पदाधिकारी, सेवादल,युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी व पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब को अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
—————————————————————————————————————–
भाजपा संविधान की उड़ा रही धज्जियां, संविधान की रक्षा के लिये सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा; विनय कुमार
विनय कुमार ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में कहा कि आज देश के संविधान को बचाने के लिए आगे आना होगा । उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से केंद्र में भाजपा नेतृत्व एनडीए सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
विनय कुमार ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने दलित वर्ग से आने वाले पार्टी कार्यकर्ता को प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण बागडोर सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में जिला व ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त कर दिये जायेंगे,उसके बाद प्रदेश में कार्यकारणी का गठन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कार्यकारणी में महिलाओं सहित युवाओं को भी पूरी तरजीह दी जाएगी और यह प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों को देख कर ही बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जब भी पंचयात चुनाव करवाने का फैंसला करेगी कांग्रेस मजबूती के साथ इन चुनावों में उतरेगी। उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा कि भाजपा को अपनी चिंता करनी चाहिए जो अंतर्कलह व गुटों में घिरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बहुत ही मजबूत स्थिति में है और सरकार व संगठन पूरे तालमेल से कार्य कर रहा हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed