शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है। देश की सबसे बड़ी पंचायत में जनता के मुद्दों पर सार्थक बहस होगी।
उन्होंने कहा कि सभी माननीय सांसदों को इस बात की जानकारी होगी कि हिमाचल प्रदेश भीषण प्राकृतिक आपदा से गुज़र रहा है। इस आपदा में लोगों के आशियाने उजड़ गए, जानें चली गईं, जीवन भर की पूंजी और उम्मीदें मलबे में दबने से लोग पीड़ा में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सभी सम्मानित जनप्रतिनिधियों और लोकसभा एवं राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसदों से आग्रह है कि वे इस सत्र में हिमाचल की आवाज़ बनें। हिमाचल प्रदेश के लिए ‘विशेष आपदा राहत पैकेज’ की माँग करें। साथ ही बार-बार आने वाली आपदाओं के कारण जानने और उसे रोकने के लिए एक ठोस पहल पर भी चर्चा की जाए।
उन्होंने कहा कि एक राज्य के दुःख और पीड़ा में होने पर पूरे देश का उसके साथ खड़ा होना ही हमारे लोकतंत्र और मानवता की पहचान है।