आतंकी मुठभेड़ में हिमाचल का जवान जम्मू में शहीद

शिमला: जम्मू के सुंदरबनी सेक्टर के केरी बट्टल इलाके में सेना ने शुक्रवार रात आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। मुठभेड़ में एक जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) कुलदी चंद शहीद हो गये। कुलदीप चंद हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के गलोड का रहने  वाले थे। जानकारी अनुसार कोहलवीं क्षेत्र का कुलदीप चंद वर्ष 1996 में सेना में भर्ती हुआ थे। वह वर्तमान में 9 पंजाब में सेवारत थे। वहां जम्मू कश्मीर के अखनूर में तैनात थे। वहां पर आतंकी हमला हो गया जिसमें कुलदीप चंद घायल हो गए। जवान ने दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहादत प्राप्त की है। शहीद अपने पीछे पत्नी, एक बेटा व बेटी छोड़ गया है। शहीद का छोटा भाई विदेश में नौकरी करता है, उसे भी सूचित कर दिया गया है। ग्राम पंचायत गाहली के प्रधान कपिल ठाकुर ने बताया कि बीते शुक्रवार देर रात को कुलदीप चंद के शहीद होने की सूचना सेना की तरफ से दी गई है। रविवार को पार्थिव देह गांव पहुंचेगी तदोपरांत अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सूबेदार कुलदीप चंद की शहादत पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सूबेदार कुलदीप चंद की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कुलदीप चंद ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ एक अभियान के दौरान मातृभूमि की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया।
शहीद कुलदीप चंद हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की तहसील नादौन के गांव कोहलवीं के रहने वाले थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के इस वीर सपूत ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए हैं। उन्होंने शहीद की वीरता और साहस को नमन करते हुए कहा कि देश इस जांबाज सिपाही का सदैव ऋणी रहेगा।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed