कांग्रेस नेताओं ने की भाजपा द्वारा वीरभद्र सिंह के खिलाफ की गई बयानबाजी की कड़ी निंदा

शिमला: प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ की गई बयानबाजी की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि केन्द्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार की खामियों से ध्यान हटाने के लिए प्रदेश में लोकप्रिय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ झूठी बयानबाजी कर भाजपा अपना राजनीतिक हित साधने में लगी है। भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण महा अभियान पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि देश के लोग बढ़ती मंहगाई से त्रस्त होते जा रहे हैं। भाजपा को इनकी चिंता नही। वह केवल देश में कांग्रेस शासित राज्यों को कैसे अस्थिर किया जाए इसके लिए षडयंत्रों में जुटी है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, महासचिव राम लाल ठाकुर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, प्रवक्ता डॉ. सुभाष मंगलेट व केवल सिंह पठानिया ने कहा है कि भाजपा ने देश के लोगों को झूठ बोल कर सत्ता हासिल की। उन्होंने कहा कि न ही विदेशों से काला धन आया और न ही किसी के खाते में कोई पैसा जमा हुआ।

उन्होंने कहा कि देश में भरपूर खाद्यान्न उत्पादन होने के बावजूद आज मंहगाई बढ़ती ही जा रही है, जब किसानों की हितैषी होने का ढोंग रचने वाली भाजपा शासनकाल में किसान आत्म हत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के नेताओं को सुझाव दिया कि वे अपने झूठे वायदों के लिए देश के लोगों से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल केवल प्रचार तक ही सीमित रहा है, जबकि धरातल में कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केवल विदेशों में जा कर अपना गुनगान करके भाजपा नेता वहां वाहवही लूटने का असफल प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा पूरी तरह बौखला गई है। उन्होंने कहा कि बार-बार जल्द चुनावों का हवाला देने वाली भाजपा को 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों में फिर से मुंह की खानी पड़ेगी।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का सशक्त नेतृत्व कांग्रेस पार्टी के पास है जो पूरी मजबूती से सरकार के साथ एकजुट होकर खड़ा है। इसलिए मुख्यमंत्री के खिलाफ भाजपा का कोई भी षड़यंत्र सफल होने वाला नहीं।

अतुल व महेन्द्र स्तान ने कहा है कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोगों ने अनुराग को सांसद के तौर पर चुनकर भेजा है न कि बीसीसीआई अध्यक्ष के तौर पर। इसलिए उन्हें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोगों के विकास के लिए काम करना चाहिए न कि, प्रदेश सरकार की आलोचना करते रहना चाहिए।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *