हिमाचल : जोगिंदरनगर के पोहल गाँव के जवान विनय सिंह की पीलिया से मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मण्डी:  जोगिंद्रनगर की मकरीड़ी उपतहसील की ग्राम पंचायत पिपली के गांव पोहल के भारतीय सेना के जवान विनय (25) की पीलिया की बीमारी के चलते मौत हो गई। मकरीड़ी उप तहसील के नायब तहसीलदार विनय राशपा ने बताया कि विनय पिछले कुछ दिनों से पीलिया से ग्रस्त थे और जालंधर कैंट अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। हाल ही में वे अपने गांव पोहल से ड्यूटी पर लौटे थे जहां उनकी तबीयत और बिगड़ गई। सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। विनय का छोटा भाई अग्निवीर है और इनकी 3 बहनें हैं। विनय के पिता रवि सिंह मिस्त्री का काम करते हैं। विनय की पार्थिव देह देर शाम उनके  गांव पोहल पहुंची। पिपली ग्राम पंचायत के प्रधान इंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को तनहोटू शमशानघाट में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जवान के निधन पर शोक जताया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सैनिक विनय कुमार (25) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री विनय मंडी जिला के पोहली गांव के निवासी थे। वह बीते कुछ दिनों से बीमार थे और जालंधर में उपचाराधीन थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed