प्रतिभा सिंह बोलीं-विक्रमादित्य सबका साथ सबका विकास लेकर बढ़ेंगे आगे

शिमला:  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि विक्रमादित्य सिंह सांसद बनने के बाद मण्डी संसदीय क्षेत्र को उत्कृष्ट संसदीय क्षेत्र बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगे।विक्रमादित्य के पास अनुभव के साथ साथ आधुनिक सोच का विजन है और वह सबका साथ सबका विकास लेकर आगे बढ़ेंगे। 

आज रामपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक में प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने तीन बार इस संसदीय क्षेत्र का सांसद के तौर पर प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी सांसद निधि का पूरा सद्पयोग किया। महिला उत्थान के साथ साथ जिस भी क्षेत्र में लोगों ने विकास कार्यो की  कोई भी मांग रखी उसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह ने एक सासंद के तौर पर,केंद्रीय मंत्री व प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री के तौर पर  इस क्षेत्र में विकास की गति को जो धार दी थी,अब आने वाले समय मे विक्रमादित्य सिंह भी उस धार को ओर तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि मण्डी को केंद्रीय जोन का दर्जा, आईआई टी,नेरचौक मेडिकल कालेज वीरभद्र सिंह की ही सोच थी जो आज इस क्षेत्र में फलीभूत हुई है। उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल कांग्रेस सरकार की देन रही। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस टनल को पैसा उपलब्ध करवाया था और तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस टनल की नींव रखी थी। 

प्रतिभा सिंह ने कहा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी बताना चाहिए कि उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में मण्डी संसदीय क्षेत्र को क्या कुछ नया दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने मण्डी मुख्यालय के साथ विकास के मामले में भेदभाव ही नहीं किया बल्कि दो विधानसभा क्षेत्रों को छोड़ कर बाकी सभी विधानसभा क्षेत्रों से अन्याय किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत और नीति में खोट है और प्रदेश के लोग अब यह जान चुके हैं।

प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से  भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार से  लोगों को सचेत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को सभी चारों सीटों के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनावों में जीत हासिल करनी है। उन्होंने इसके लिये कांग्रेस की नीतियों व कार्यक्रमों को घर घर तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 9 मई को विक्रमादित्य सिंह के नामंकन पर मण्डी आने को भी कहा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed