उत्तराखंड : हल्द्वानी में लगाया गया कर्फ्यू

हल्द्वानी मदरसा विवाद: कर्फ्यू, पथराव और आगजनी के बीच गोली मारने के आदेश

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार को वनभूलपुरा थाना क्षेत्र के मलिका बगीचे में बने कथित अवैध मस्जिद और मदरसे को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इससे आक्रोशित होकर वहां के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने जेसीबी को भी तोड़ दिया। आक्रोशित लोगों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने भी बल प्रयोग किया।

 गुरुवार को नगर निगम और पुलिस की टीम अवैध निर्माण ढहाने के लिए मौके पर पहुंची हुई थी। इसी दौरान उपद्रवियों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया था। उसके बाद अराजक तत्वों ने खुलेआम तांडव मचाते हुए पुलिस की तमाम गाड़ियां फूंक डाली। भीड़ की शक्ल में उपद्रवी बनभूलपुरा थाने पहुंच गए। उपद्रवियों ने थाने को ही आग के हवाले कर डाला। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आसपास के जिलों से पुलिस, पीएसपी सहित पैरामिलिट्री फोर्स भी मौके पर बुलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अवैध निर्माण को हटाये जाने के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कार्मिकों पर हुए हमले तथा क्षेत्र में अशान्ति फैलाने की घटना को गम्भीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में शान्ति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के सख्त निर्देश भी दिये है।

मुख्यमंत्री ने इस संबंध में गुरूवार को सांय मुख्यमंत्री आवास में मुख्य सचिव राधा रतूडी, पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार तथा अन्य उच्चाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से शान्ति बनाये रखने की अपील करते हुए अराजक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही कर क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि प्रदेश में किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड करने की छूट नहीं दी जानी चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी निरंतर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये प्रयासरत रहे।

बनभूलपुरा में हुए बवाल को देखते हुए हल्द्वानी में शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि बनभूलपुरा में हुए हंगामे के मद्देनजर नौनिहाल और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed