कुल्लू: मनाली में भीषण अग्निकांड, नौ खोखे जलकर राख

कुल्लू: पर्यटन नगरी मनाली के रांगड़ी में कूड़ा संयंत्र के सामने नेपाल मूल के लोगों के आशियानों में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। अग्निकांड में लकड़ी से निर्मित नौ खोखे घरेलू सामान समेत जलकर राख हो गए हैं। सेब के फलदार पेड़ों को भी नुकसान हुआ है।

रांगड़ी में ठाकुर दास निवासी छियाल के सेब के बगीचे में नेपाल मूल के करीब 45 लोग रह रहे हैं। लकड़ी के खोखे बनाकर यहां पर आठ परिवार और 12 अन्य मजदूर भी रहते थे। शुक्रवार दोपहर को अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख अफरातफरी मच गई। खोखों में रखे गैस सिलिंडर फट गए। जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फटने से आग और फैल गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र मनाली से तीन दमकल वाहन तुरंत मौके पर भेजे गए। विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सभी खोखे जलकर राख हो गए थे। प्रशासन ने पीड़ितों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान कर दी है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

अग्निकांड में 28 लाख से अधिक के नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया गया है। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुट गई है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed