हिमाचल: प्रदेश में मौसम के खराब होने के आसार

कुल्लू में फिर फटा बादल; एक की मौत दो घायल

कुल्लू : प्रदेश के कुल्लू जिले में दो जगह फिर बादल फटे का समाचार हैं। खराहल में सोमवार सुबह करीब तीन बजे काईस कोटा और जुआणी के पीछे पहाड़ी में बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई। घटना के वक्त लोग गहरी नींद में थे। पानी की आवाज सुनकर लोग जागे और जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। काईस में नाले में बाढ़ से सड़क किनारे खड़ी बोलरो बह गई। इसमें चार लोग थे। बाढ़ बोलेरो को काफी दूर तक बहा ले गई। इसमें बादल शर्मा (28) पुत्र गणेश शर्मा, गांव चंसारी, डाकघर बारीपधर की मौत हो गई। खेम चंद (53) और सुरेश शर्मा (38) घायल हो गए हैं। बोलेरो के चाल सभी काईस में शारनू मेले में हलवाई का काम करने गए हुए थे। घायलों का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मामले को लेकर उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि लगभग रात के तीन बजे काईस क्षेत्र के पास बादल फटने की सूचना मिली है। एक व्यक्ति के पानी में बह जाने से मौत हुई है जबकि दो व्यक्ति घायल हुए हैं।

इसके अलावा काईस में छह गाड़ियां, तीन दोपहिया वाहन जबकि जुआणी नाले में बाढ़ से न्योली में तीन गाड़ियां, एक ट्रैक्टर, पांच दोपहिया वाहनों को नुकसान हुआ है। न्योली में दो दुकानों सहित एक चादरनुमा मकान भी बह गया है। मकान में पति-पत्नी अपने बच्चे के साथ रहते थे।

हाई स्कूल न्योली की पहली मंजिल में मलबा भर गया है। दरवाजे टूट गए हैं। किचन का सारा सामान बह गया है। शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया है। बाउंड्री वॉल भी टूट गई है। पंचायत के विकास कार्यों के लिए लाई गई बजरी-रेत के साथ क्रेटवॉल बाढ़ में बह गई। थरमाण संपर्क सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है।

गाहर पंचायत के प्रधान रोहित वत्स ने कहा कि सूचना मिलते ही प्रभावितों की मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए थे। डीएसपी राजेश ठाकुर ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, मंडी जिला की सुकेती खड्ड में 40 साल के व्यक्ति का शव मिला है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed