शिमला : राजीव शुक्ला ने किया नगर निगम चुनाव में जीत का दावा…

 शिमला: शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता की। शुक्ला ने नगर निगम शिमला में दो-तिहाई से कांग्रेस की जीत का दावा किया है। राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने अगर शिमला में काम किया होता, तो इन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लेना पड़ता। आज हालत यह हैं कि भाजपा नेता निगम का चुनाव भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ही लड़ रहे हैं। जबकि इनकी अपनी कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर को विदेशी शहरों की तरह विकसित किया जाएगा। इस शहर में ऐसी आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी जिसे देख कर विदेशी पर्यटक भी कायल हो जाएं। शिमला में कांग्रेस ने ही विकास किया है और भाजपा ने पटरी से उतारा है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला को भाजपा ने कंकरीट का जंगल बना दिया है। भाजपा मोदी के नाम पर नहीं, पिछले पांच साल में किए कामों के आधार पर चुनाव लड़े। भाजपा शासन में शिमला अपना गौरव खो चुका है। कांग्रेस उसे लौटाने का काम करेगी। कांग्रेस सरकार शिमला को तारों के जाल से छुटकारा दिलाएगी। हमने सत्ता में आते ही एटिक को नियमित किया है। शिमला नगर निगम की जनता से अनुरोध है कि कांग्रेस को निगम चुनावों में समर्थन दें। शिमला शहर के कायाकल्प के लिए कांग्रेस सरकार कृत संकल्प है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed