MC Shimla Election : कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र

शिमला: नगर निगम शिमला के चुनावों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह,मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू,कृषि मंत्री चंद्र कुमार,उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान,शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर,ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद सिंह ,सीपीएस  संजय अवस्थी सहित कई विधायक व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे।

कांग्रेस ने घोषणापत्र में शिमला शहर को स्वच्छ, हरा-भरा व सुव्यवस्थित शहर बनाने की बात की है। शहर में निर्बाध स्वच्छ पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। शहर के हर वार्ड में पार्क का निर्माण किया जाएगा। हर वार्ड में एंबुलेंस रोड बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी।सामुदायिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे। हर वार्ड से शहर के सभी अस्पतालों व चिन्हित स्थानों के लिए परिवहन निगम की टैक्सी सुविधा और शहर में ई-बसें चलाई जाएगी। आईएसबीटी व लोकल बस अड्डों से एमसी क्षेत्र में ई-रिक्शा सुविधा दी जाएगी। शहर में रोप वे का निर्माण किया जाएगा। शहर में रात्रि बस सेवा का समय बढ़ाया जाएगा। बुजुर्गों को घर द्वार स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए हेल्थ केयर वेन की सुविधा दी जाएगी।नगर निगम शिमला की परिधि में सरकार की ओर से नशा मुक्ति केंद्र खोला जाएगा। स्ट्रीट व सोलर लाइटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सीटीओ चौक से बालूगंज व जाखू मंदिर के चारों ओर बने मार्गों, रिट्स से छोटा शिमला व संजौली तक साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। पर्यटकों के लिए मुख्य स्थानों पर मुख्य स्थानों पर ढाबे 24 घंटे खुले रहेंगे। रेस्टोरेंट का रात्रि समय भी बढ़ाया जाएगा। ओल्ड एज होम बनाए जाएंगे। इंडोर स्टेडियम खोले जाएंगे। बेसहारा व गृहहीन गरीबों के लिए घर बनाए जाएंगे। शिमला शहर से अनाज मंडी, सब्जी मंडी, ट्रांसपोर्ट क्षेत्र व लकड़ी के डिपुओं को शहर के नजदीक उचित स्थान पर चयन करने के बाद शिफ्ट किया जाएगा। कोरोना काल में नगर निगम के व्यवसायिक परिसरों व दुकानों के प्रभावित व्यापारियों का किराया व गारबेज शुल्क माफ किया जाएगा। कामकाजी महिलाओं के लिए उचित स्थानों पर होस्टलों का निर्माण किया जाएगा। बिजली की खुली तारों को भूमिगत किया जाएगा। 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed