धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले सेना के जवान नरेंद्र कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अभ्यास के दौरान नरेंद्र को गोली लग गई जिससे उनकी मौत हो गई। रविवार को उनकी पार्थिव देह को उनके पैतृक घर रझीन में लाया गया। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। नरेंद्र (33) पुत्र बंसी लाल की असम में 24 अक्तूबर को अभ्यास के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी।
राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पार्थिव देह को उनके भतीजे ने मुखाग्नि दी। नरेंद्र सेना की आरटी रेजिमेंट में बतौर सिपाही असम में सेवाएं दे रहा था। 24 अक्तूबर को असम में सैन्य अभ्यास के दौरान उसे गोली लग गई थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। नरेंद्र अपने पीछे पत्नी सात साल की बेटी और पांच साल के बेटे को छोड़ गए हैं।