धर्मशाला: प्रदेश में भारी बरसात के चलते स्कूली बच्चों के साथ कोई अप्रिय घटना न घटे इसलिए जिला कांगड़ा प्रशासन ने दस अगस्त तक स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। प्रशासन ने यह फैसला लगातार हो रही बरसात के कारण लिया है। जिला कांगड़ा में पिछले चार दिनों से लगातार बरसात हो रही है।
शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा केके शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारी बरसात के चलते कांगड़ा जिला के सभी निजी व सरकारी प्राइमरी, माध्यमिक, उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल 10 अगस्त तक बन्द रहेंगे। शर्मा ने बताया कि जिला में हो रही मूसलाधार बारिश के अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए स्कूल बन्द करने का फैसला लिया गया है।













