39.65 करोड़ से तैयार होगी कण्डा पतन-सरकाघाट पेयजल योजना, सीएम ने किया लोकार्पण

  • धर्मपुर में भी किया कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

मंडी: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला मण्डी के चौल्थरा में 39.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कण्डा पतन से सरकाघाट उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना से क्षेत्र के 31 हजार से भी ज्यादा लोगों को लाभ मिलेगा। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक घर को पेयजल प्रदान करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए अधिकतम खेतों तक सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश, विशेषकर मण्डी जिला के लोगों ने विधानसभा चुनावों में भाजपा को भरपूर समर्थन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपे जाने के लिए केन्द्रीय भाजपा नेतृत्व विशेषकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का भी आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में टोपी की राजनीति पर विराम लगाया है। टोपियां हिमाचली संस्कृति तथा परम्परा का प्रतीक है, लेकिन धीरे-धीरे यह राजनीतिक संबद्धता का प्रतीक बनकर उभरी, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश का समान एवं सन्तुलित विकास सुनिश्चित बना रही है और क्षेत्रीय आधार पर किसी भी क्षेत्र को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। सरकार ने सत्ता में आते ही स्पष्ट कर दिया था कि बदले की भावना या राजनीतिक प्रतिशोध के साथ कार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के चार महीनों का कार्यकाल कई ऐतिहासिक निर्णयों और प्रदेश के विकास की दिशा में सकारात्मक पहल का गवाह रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट में 30 नई योजनाओं को शामिल किया है, जो अपने आप में एक रिकार्ड है। इस बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के हर क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखा गया है। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही विकास कार्यों के लिए 100 दिनों के लक्ष्य निर्धारित किए और यह बहुत सन्तोष की बात है कि 90 प्रतिशत लक्ष्यों को प्राप्त किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए स्वीकृत 69 राष्ट्रीय उच्च मार्गों में से 53 के लिए आउटसोर्स निविदाएं निकाली जा चुकी हैं। सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पैंशन के लिए आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया जिससे लाखों वृद्धजन लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार हिमाचल प्रदेश की विकासात्मक आवश्यकताओं के प्रति उदार रही है और केन्द्र ने सैद्धान्तिक तौर पर प्रदेश में एक बड़ा हवाई अड्डा निर्मित करने को स्वीकृति प्रदान की है। हवाई अड्डे के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने विशेषज्ञों का एक दल हिमाचल का दौरा करेगा।

उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न सड़क मार्गों के निर्माण एवं मैटलिंग के लिए 1.40 करोड़ रुपये, पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये और चार राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशालाओं में प्रयोगशाला व विज्ञान खण्डों के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में ड्राइविंग स्कूल के सुधार के लिए भी धनराशि देने की घोषणा की।

विभिन्न संस्थाओं और कई लोगों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए चैक के माध्यम से अंशदान किया। कई सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और मुख्यमंत्री बनने के बाद धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पहली बार आने पर उनका अभिवादन किया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *