धर्मपुर: सिद्धपुर में राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया शुभारंभ, 650 खिलाड़ी लेंगी भाग

धर्मपुर:  धर्मपुर उपमंडल के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। चार दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन स्पोर्ट्स हॉस्टलों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ढोड़ा और कुराश की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली तथा ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खेल नीति में संशोधन कर खिलाड़ियों की वित्तीय सहायता, पुरस्कार राशि और अन्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की गई है। स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में अंडर-14 से अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए जिला एवं राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं तथा कोचिंग शिविरों के दौरान 250 रुपये प्रतिदिन की समान डाइट मनी निर्धारित की गई है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 10 खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि पूरे प्रदेश में 55 स्वास्थ्य संस्थानों खोले गए जहां धर्मपुर क्षेत्र में दो स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं।

धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सिद्धपुर जैसे दूरदराज क्षेत्र में करवाने के लिए प्रदेश सरकार और तकनीकी शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में दो स्पोर्ट्स हॉस्टल खोलने के लिए भी सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पांच सीबीएसई विद्यालयों का संचालन शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिलेंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed